होशियारपुर: जिले के गांव बजवाड़ा अधीन आने वाली बैंस कॉलोनी के एक युवक हरजोत सिंह पुत्र मनसा राम की लाश बरामद हुई थी। लाश पर नशे वाली सिरिंज भी लगी हुई थी। वहीं परिवार के सदस्यों के अनुसार उनके बेटे की मौत नशे से नहीं बल्कि हत्या करने के बाद लाश को एक साजिश के तहत फेंका गया है।
हत्या के बाद बाजु में नशे का टीका जोर से लगाया गया है। हरजोत सिंह कुछ दिन पहले ही नशा छुड़ाने वाले केंद्र से घर आया था और अब पूरी तरह से नशा छोड़ चुका था। माता कश्मीर कौर का कहना है कि हरजोत सिंह रविवार को सुबह 6 बजे बाल कटवाने का कहकर गया था, लेकिन वापस घर नहीं आया।
हरजोत को कुछ लड़कों की तरफ से फोन पर धमकियां मिल रही थीं और उन्हें यकीन है कि बेटे की हत्या कर लाश यहां फेंकी गई है। क्योंकि लाश पर चोट के निशान भी हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा कि जब तक पुलिस कातिलों को पकड़ नहीं लेती, तब तक वे हरजोत के मृतक देह का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
जांच कर रहे थाना सदर के पुलिस अधिकारी रशपिंदर सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कल हरजोत सिंह का पोस्टमार्टम भी कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अगली कार्रवाई की जायेगी।यदि परिवार को हत्या का शक है, तो पुलिस परिवार के बयानों के अनुसार ही कार्रवाई करेगी।