बिलासपुरः कपड़ा दुकान में देर रात भीषण आग लग गई। जिससे दुकान में रखी साड़ियां और कपड़े जलकर खाक हो गए। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद दो फायर बिग्रेड की मदद से आग को काबू में किया गया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। आसपास के लोगों ने शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के 2 घंटे बाद आग में काबू पाया गया।
बताया जा रहा है शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। वहीं, करीब 20 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। जोरापारा मोड़ पर नंदीश्वरी महादेव मंदिर के सामने प्रिया साड़ी सेंटर की दुकान है। दुकान संचालक श्याम दंडवते और उनके कर्मचारी रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। इस दौरान दुकान के बाहर रोज की तरह कुछ लोग बैठे थे। उन्हें अंदर से कुछ फटने की आवाज आई और देखा कि अंदर से धुआं निकल रहा था। उन्होंने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी।
दुकान संचालक श्याम दंडवते को फोन किया। लेकिन, श्याम दंडवते का फोन नहीं लगा, जिसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही नगर सेना की दमकल शाखा को दी। कुछ ही देर में पुलिस के साथ ही दमकल भी मौके पर पहुंच गई। इससे पहले लोगों ने आग बुझाने के लिए दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास शुरू कर दिया था। किसी तरह शटर का ताला तोड़ा गया। लेकिन, तब तक दुकान के अंदर भीषण आग लग चुकी थी और आग की तेज लपटें उठने लगी थी।