ग्रामीणों का आरोप- नहीं पहुंचा दमकल विभाग
किशनगंजः एक घर में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैली की आधा दर्जन से अधिक घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की यह घटना ठाकुरगंज ब्लॉक अंतर्गत छैतल पंचायत के दिघली गांव की है। आग से कई गांवों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल दमकल विभाग और ठाकुरगंज थाना को सूचना दी। दमकल विभाग के नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने का काम शुरू किया। कई घंटों की कोशिश के बाद गांववालों ने मिलकर आग पर काबू पाया। हादसे में घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। कपड़े, बर्तन, अनाज, धान और मकई पूरी तरह जल गए। सबसे बड़ा नुकसान यह हुआ कि प्रभावित परिवारों के जमीन के कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर राख हो गए।
ठाकुरगंज थाना अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अग्नि विभाग मौके पर नहीं पहुंचा। इस घटना में लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।