श्री आनंदपुर साहिब/संदीप शर्मा : गुरु नगरी में व्यक्ति के कत्ल की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय चरण गंगा पुल से मंदिर श्री नैना देवी को जाने वाली सड़क के दाईं ओर बनी झुग्गियों में यह हादसा हुआ है। जहां 2 लोगों ने तलवारों से हमला करके साथी की हत्या कर दी। मृतक की पहचान राधे कृष्ण पुत्र रंगी राम, निवासी गांव दबट, थाना कोट कहलूर, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि झुग्गियों में जसविंदर सिंह उर्फ काला घैंट पुत्र मिल्खा सिंह गांव चन्नणके, जिला अमृतसर साहिब व उसके एक अन्य अज्ञात साथी का राधे कृष्ण के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
जिसके बाद दोनों में मिलकर राधे कृष्ण पर तलवार से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल राधे कृष्ण को आसपास के लोगों द्वारा स्थानीय भाई जैता जी सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी गुरमुख सिंह ने बताया कि कथित आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ काला घैंट व उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्या की जांच के लिए पुलिस की फोरैंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई।