चंडीगढ़: केंद्र सरकार के ‘ई-रक्तकोष’ पोर्टल पर दर्ज वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब ने प्रति 10 लाख आबादी पर स्वैच्छिक रक्तदान के मामले में देशभर में तीसरा स्थान हासिल करके राज्य का गौरव बढ़ाया है। पंजाब के लोगों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं, गैर-सरकारी संगठनों और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को बधाई देते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस नेक मानवीय भावना को पंजाबियों की निस्वार्थ सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
स्वास्थ्य मंत्री ने पंजाब स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल (पीएसबीटीसी), पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी (पीएसएसीएस), सरकारी एवं निजी ब्लड सेंटरों, गैर-सरकारी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य भागीदारों द्वारा बड़े स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए किए गए समर्पित प्रयासों की सराहना की।
