चण्डीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रदेश में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला हिसार के बरवाला में नागरिक सहभागिता सशक्तिकरण एवं सेवा वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया और रक्तदान करने वाले युवाओं व रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। रक्तदाताओं के सेवा भाव को नमन करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘रक्तदान महादान है। रक्त की एक-एक बूंद के माध्यम से जरूरतमंदों का जीवन बचाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले सभी रक्तदाता समाज में सबसे पुनीत और पुण्य का कार्य कर रहे हैं।’’
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित सभी अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक रहने तथा “बेटी बचाओ” के संकल्प की सामूहिक शपथ दिलवाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को नशे की सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए एक स्वस्थ और मजबूत समाज का निर्माण करना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही, बेटियों के सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी को सामूहिक रूप से जिम्मेदारी उठाकर आगे बढ़ना होगा।
