चंडीगढ़: हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि सरकार ने प्रदेश की सभी तहसीलों में ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में होने वाली सामान्य त्रुटियों के स्थानीय स्तर पर सुधार के लिए एक ऑनलाइन करेक्शन मॉड्यूल शुरू किया है। इससे नागरिकों को अपने भूमि एवं राजस्व रिकॉर्ड में हुई सामान्य गलतियों को ठीक करवाने के लिए राज्य मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में सामान्य त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और विकेंद्रीकृत बनाना तथा नागरिकों को होने वाली अनावश्यक देरी को कम करना है। उन्होंने कहा कि अब ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में होने वाली सामान्य त्रुटियों के मामलों को राज्य मुख्यालय भेजने के बजाय संबंधित तहसील स्तर पर ही निपटाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शुरू किए गए इस ऑनलाइन मॉड्यूल के माध्यम से नियमित प्रकृति की लगभग 99 प्रतिशत त्रुटियों के मामलों का निपटान तहसील स्तर पर किया जा सकेगा। इससे राज्य मुख्यालय पर लंबित मामलों की संख्या कम होगी और नागरिकों को शीघ्र राहत मिलेगी।
