मरोनडेराः जिम्बाब्वे के मरोनडेरा इलाके में बुधवार को 6 लोगों को लेकर जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे के बाद उसमें आग लग गई। हेलिकॉप्टर में 4 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। हादसे में सभी 6 लोगों की मौत हो गई।
मरने वालों में 43 साल के चर्चित बिजनेसमैन विकनेल चिवायो और उनकी पत्नी लूसी मुतेके भी शामिल है। चिवायो को राष्ट्रपति एमर्सन मनांगाग्वा का करीबी माना जाता था। पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर शवों की पहचान में जुटे हैं।
हेलिकॉप्टर राजधानी हरारे से करीब 70 किलोमीटर पूर्व मरोनडेरा इलाके में गिरा। पुलिस को हादसे की जानकारी बुधवार शाम करीब 5 बजे मिली। हादसा किस वजह से हुआ, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच करेगी।
विकनेल चिवायो इंट्राट्रेक जिम्बाब्वे के संस्थापक थे। यह कंपनी एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट्स में काम करती थी। चिवायो ग्वांडा सोलर प्रोजेक्ट जैसे सरकारी ठेकों को लेकर भी चर्चा में रहे। वे अपनी आलीशान जीवनशैली और सोशल मीडिया पोस्ट के लिए भी जाने जाते थे। चिवायो महंगी कारों और लग्जरी हेलीकॉप्टरों के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते थे।
चिवायो के कारोबार और राजनीतिक संबंधों को लेकर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे थे। वे सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति मनांगाग्वा के साथ अपनी मुलाकातों की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते थे।