नई दिल्लीः हरियाणा और चंडीगढ़ के सरकारी खातों से कथित तौर पर 657 करोड़ रुपए की हेराफेरी के मामले की जांच में मुख्य आरोपी रिभव ऋषि की एक महिला डांसर से करीबी और उस पर किए भारी खर्च का भी खुलासा हुआ है। सीबीआई के मुताबिक ऋषि ने अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच महिला को हर माह 10 लाख रुपए दिए। महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि ऋषि ने उसे डांस का काम छोड़ने के बदले यह रकम देने का वादा किया था। छह माह में उसे कुल 56 लाख रुपए दिए गए।
सीबीआई के अनुसार ऋषि की मुलाकात महिला से मार्च-अप्रैल 2025 में चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जहां वह प्रस्तुति दे रही थी। इसके बाद आठ मई को जयपुर में एक फार्महाउस पार्टी में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। पांच जुलाई को मुंबई के सेंट रेजिस होटल में ऋषि ने कथित तौर पर उससे प्रेम का इजहार किया। महिला के अनुसार, उसने खुद को इवेंट प्लानर और चावल के आयात-निर्यात से जुड़ा कारोबारी बताया। उसने यह भी कहा कि वह आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में ब्रांच मैनेजर है।
महिला ने सीबीआई को बताया कि ऋषि ने उससे शादी करने के लिए अपनी पत्नी से तलाक लेने की बात कही थी। 18 जुलाई 2025 को उसने दिल्ली के द्वारका में उसके लिए मकान खरीदने के लिए एक लाख रुपये टोकन मनी दी। महिला के अनुसार, मकान के लिए 3.10 करोड़ रुपए नकद दिए गए। इसमें उसने 49 लाख रुपए दिए जबकि बाकी रकम ऋषि ने दी। 90 लाख रुपये की और राशि दी जानी थी, जिसमें से 65 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था। महिला के अनुसार, वह दो जनवरी 2026 से इस मकान में रह रही है।
दोनों के साथ रहने के दौरान चंडीगढ़ के नोवोटेल, हॉलिडे इन और हयात, दिल्ली के अंदाज, जे डब्ल्यू मैरियट और आईटीसी मौर्या तथा गोवा के ताज होटल में ठहरने की जानकारी भी सामने आई है।
अगस्त 2025 में ऋषि और महिला अन्य आरोपियों तथा कुछ डांसरों के साथ मकाऊ और फिर थाईलैंड गए। 21 नवंबर को दोनों अरुण शर्मा, अभय कुमार और नरेश कुमार भुवानी के साथ दुबई गए। सीबीआई के मुताबिक, वहां दोनों बुर्ज अल अरब के समुद्र की ओर वाले डुप्लेक्स में ठहरे।
महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि ऋषि उसे दुबई एयरपोर्ट के पास बने एक नए चार बेडरूम वाले डुप्लेक्स में भी ले गया था। उसने कहा था कि पांच से दस साल बाद वह उसके साथ दुबई में बसना चाहता है और इसी वजह से उसने वह मकान पसंद किया था। जनवरी 2026 में दोनों फिर दुबई गए, जहां ऋषि ने टोयोटा लैंड क्रूजर बुक की।
सीबीआई के अनुसार ऋषि द्वारा आयोजित ज्यादातर पार्टियां जीरकपुर के जेड मैनर में होती थीं। महिला ने बताया कि इन आयोजनों में उसकी मौजूदगी सुनिश्चित की जाती थी, लेकिन उसे प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होती थी। ऋषि आयोजक को प्रति कार्यक्रम दो लाख रुपये देता था, जिसमें से आधी रकम उसे मिलती थी।
महिला के अनुसार, प्रत्येक पार्टी में पांच-छह डांसर बुलाई जाती थीं और एक आयोजन पर औसतन 15 से 20 लाख रुपये खर्च होते थे। ऋषि इन पार्टियों के लिए नकदी की व्यवस्था करता था। हरियाणा सरकार के अधिकारी डांसरों पर नोट उड़ाते थे और डांसरों को मिली राशि आयोजक के साथ बराबर बांटी जाती थी।
सीबीआई के अनुसार, इन आयोजनों में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पूर्व रिलेशनशिप मैनेजर अभय कुमार, नरेश कुमार भुवानी, स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स के सह-मालिक अभिषेक सिंगला, अरुण शर्मा, एसआरआर प्लानिंग गुरुस के निदेशक अंकुर शर्मा और आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल भी शामिल हुए थे। महिला ने दावा किया कि अग्रवाल छह-सात ऐसे आयोजनों में शामिल हुए और डांसरों पर पैसे भी उड़ाए। सीबीआई ने जांच के दौरान महिला का सैमसंग जेड फोल्ड फोन भी जब्त किया है।
ऋषि को एसआरआर प्लानिंग गुरुस से 5.40 करोड़ और स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स से 1.50 करोड़ रुपये उसके व्यक्तिगत खातों में मिले। उसकी पत्नी दिव्या अरोड़ा के खातों में 18.32 करोड़ रुपए पहुंचने का भी दावा किया गया है। एजेंसी के अनुसार, सरकारी खातों से कम से कम 25 फर्जी डेबिट लेनदेन के जरिये 187.35 करोड़ रुपए निकाले गए।