फतेहपुरः उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के बाद एक दो मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे। इनमें से पांच लोग किसी तरह बाहर निकल गए, जबकि पांच लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मलवा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह घटना फतेहपुर के मलवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान कुछ ही पल में मलबे में बदल गया। विस्फोट के कारण घर की छत और दीवारें गिर गईं। आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
पांच लोग मलबे में दबे
हादसे के वक्त घर में कुल 10 लोग मौजूद थे। पांच लोग धमाके के बाद किसी तरह घर से बाहर निकलने में कामयाब रहे। वहीं परिवार के पांच सदस्य मलबे में फंस गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने काफी प्रयास के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
आसपास के कई मकान भी हुए क्षतिग्रस्त
सिलेंडर में हुआ विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के 4 से 5 मकान भी इसकी चपेट में आ गए। इन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। तेज आवाज के बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जिस मकान में यह हादसा हुआ, वह सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है। सुरेश गुप्ता अपने भाई के परिवार के साथ इसी मकान में रहते थे। बताया गया है कि परिवार में पांच छोटे बच्चे भी थे। सुरेश गुप्ता फल की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में राहत और बचाव का काम जारी रहा। फिलहाल मलबे को हटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच का काम किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।