होशियारपुरः ‘शिरोमणि अकाली दल (वारिस पंजाब दे)’ और विभिन्न सिख संगठनों द्वारा होशियारपुर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के आवास के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों और वक्ताओं ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मौजूदा प्रबंधन में गंभीर खामियों और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
नेताओं ने श्री आनंदपुर साहिब के सरां (विश्राम ग्रह) से संबंधित मामले और एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ दर्ज एफआईआर का जिक्र करते हुए घटना को सिख समुदाय के लिए शर्मनाक बताया। प्रदर्शनकारी नेताओं ने कहा कि एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी को घटना की जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि एसजीपीसी के आम चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएं ताकि योग्य और ईमानदार प्रतिनिधि आगे आ सकें।