ऊना,सुशील पंडित: निर्माणाधीन बीहड़ू-लठियाणी सड़क के साथ लगते जंगल में निरीक्षण के दौरान करीब 30-31 जड़ पटान के गड्ढे मिलने के बाद वन विभाग ने दो ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने भारतीय वन अधिनियम और बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।
वन परिक्षेत्र रामगढ़ (खुरवाई) के वन परिक्षेत्र अधिकारी संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सड़क निर्माण के साथ लगते जंगल के निरीक्षण के लिए एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी के निरीक्षण के दौरान जंगल में करीब 30-31 जड़ पटान के गड्ढे पाए गए।
शिकायत के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए पेड़ों के कटान का लॉट वन निगम ने निजी ठेकेदार अशरफ मोहम्मद निवासी बसुनी, तहसील अंब और तुफैल मोहम्मद निवासी आदर्श नगर अंब को दिया था। दोनों ठेकेदारों द्वारा हाल ही में पेड़ों के कटान का कार्य किया जा रहा था। वन विभाग को संदेह है कि पाए गए अवैध जड़ पटान भी इन्हीं ठेकेदारों द्वारा करवाए गए हैं। पुलिस ने दोनों नामजद ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।