पंचकूलाः क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला की टीम ने एचएमटी कॉलोनी पिंजौर में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को काबू किया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पिंजौर में मामला दर्ज किया है।
क्राइम ब्रांच-3 इन्चार्ज अजीत सिंह की अगुवाई में टीम 24 सितंबर को गश्त के दौरान एचएमटी कॉलोनी स्थित गोल चक्कर के पास पहुंची, जहां स्पोर्ट्स क्लब एचएमटी वाली सड़क की तरफ दो युवक मोटरसाइकिल के पास खड़े दिखाई दिए। मोटरसाइकिल की जांच करने पर उसके आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेट गायब मिलीं। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर दोनों को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान पुष्पिन्द्र कुमार उर्फ कालू निवासी टिपरा, कालका, उम्र 33 वर्ष तथा धीरज कुमार उर्फ सनी निवासी रामपुर जंगी, पिंजौर उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उक्त मोटरसाइकिल को उन्होंने 20 सितंबर को हिमाचल प्रदेश से चोरी किया था तथा पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल की आगे और पीछे लगी नंबर प्लेटें तोड़कर रास्ते में फेंक दी थीं।
इस संबंध में थाना पिंजौर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303, 317(2) व 238(C) के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी धीरज कुमार उर्फ सनी के खिलाफ पिंजौर और कालका में पहले भी चोरी के चार मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को आज न्यायिक हिरासत भेज दिया है।