शिमला: उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल की 164वीं बैठक तथा हिमाचल प्रदेश शहरी परिवहन एवं बस स्टैंड प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण की 73वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठकों में एचआरटीसी के आधुनिकीकरण, नई बसों की खरीद, इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार, बस रूटों तथा नए बस अड्डों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

उप-मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एचआरटीसी के लिए 250 नई डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 दिनों के भीतर वाहन खरीद समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि खरीद प्रक्रिया को बिना किसी देरी के आगे बढ़ाया जा सके।

उप-मुख्यमंत्री ने तकनीकी समिति को एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जाने वाली नई इलेक्ट्रिक बसों के प्रोटोटाइप को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बसों की बैटरी क्षमता 350 किलोमीटर से अधिक होनी चाहिए ताकि इनका संचालन लम्बे रूटों पर भी किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने तथा इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार के माध्यम से स्वच्छ एवं बेहतर परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।