शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान सराहां में 237.23 करोड़ रुपये की छह विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने पच्छाद तहसील के अंतर्गत गिरि नदी से नारग-नोहरा, डिलमन, सरिया, महलोग लाल टीकर, दाड़ो देवरिया द्राबली, सरोल चमेंजी, वासनी तथा नैनाटिक्कर सहित विभिन्न गांवों के लिए 26.51 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया।
उन्होंने राजगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत छोग टाली और सानियो दीदग के विभिन्न बस्तियों के लिए 1.57 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना, राजगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत शाया-सनोरा के धनच चुखरिया तथा आसपास के गांवों के लिए 1.25 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना, जल शक्ति उपमंडल चंदोल, राजगढ़ तहसील के अंतर्गत मलोह मशोग तथा आसपास के गांवों के लिए 1.52 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना तथा पच्छाद तहसील की ग्राम पंचायतों बणी-बखोली, सुरला-जनोट और साधना-घाट के विभिन्न गांवों के लिए 2.86 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना का भी उद्घाटन किया।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी सड़क से सेब उत्पादकों को सुगम और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बागवान अपने उत्पादों को बगीचों से मंडियों और संग्रहण केंद्रों तक सुविधाजनक तरीके से पहुंचा सकेंगे।