पटियाला: जिले में 17 वर्षीय 12वीं की छात्रा का भाखड़ा नहर में छलांग लगाने के बाद मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव बरामद होने के बाद परिवार की ओर से एक छात्रा पर बेटे को कथित तौर पर परेशान करने और पैसों को लेकर दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। मृतक के पिता कुलदीप सिंह ने बताया कि उनका बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ता था। पिता के मुताबिक, बेटे ने उन्हें बताया था कि एक लड़की उसे कथित तौर पर परेशान कर रही थी और पैसों को लेकर दबाव बना रही थी। पिता ने दावा किया कि उन्होंने स्कूल जाकर प्रिंसिपल और एक अन्य अध्यापिका को इस संबंध में जानकारी दी थी।
परिवार का आरोप है कि छात्र और छात्रा के बीच लंबे समय से बातचीत होती थी और कथित तौर पर रात देर तक फोन पर बातचीत भी होती थी। पिता ने यह भी दावा किया कि स्कूल प्रबंधन को मामले की जानकारी देने के बाद छात्रा के परिवार को उसे स्कूल न भेजने के लिए कहा गया था। पिता के मुताबिक, 17 और 18 तारीख के आसपास उन्हें घटना की जानकारी मिली। उनका कहना है कि दोपहर के समय बेटा घर से चला गया और बाद में पता चला कि उसने भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएचओ बख्शीवाला सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ने भाखड़ा नहर में छलांग लगाई है। युवक का शव बरामद कर लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। एसएचओ के अनुसार, परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की उम्र करीब 17 वर्ष बताई गई है और वह 12वीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।