जालंधर, ENS: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले आप पार्टी लगातार विपक्ष को झटका देकर नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है। वहीं सीएम भगवंत मान की अगुवाई में आप पार्टी ने जालंधर क्षेत्र में अपना कुनबा और मजबूत कर लिया है। दरअसल, आज चंडीगढ़ में सीएम मान शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका देते हुए टकसाली अकाली परिवार से ताल्लुक रखने वाले रणतेज सिंह पोवार को साथियों सहित आप पार्टी में शामिल किया।
रणतेज सिंह पोवार का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के विकास, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और जनता की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों और ईमानदार राजनीति से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां और ईमानदार नेता पार्टी से जुड़ रहे हैं। रणतेज सिंह पोवार ज्ञानी शंकर सिंह के परपोते और सरदार बीर सिंह के पोते हैं।
इस दौरान सीएम मान ने कहा कि रणतेज सिंह पोवार जैसे सूझबूझ वाले और मजबूत पारंपरिक पारिवारिक पृष्ठभूमि वाले नेता के आने से जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में ‘आप’ का संगठन और मजबूत होगा। सभी मिलकर पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए दिन-रात काम करते रहेंगे। वहीं रणतेज सिंह पोवार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे मान सरकार की जन-हितैषी नीतियों और राज्य में हो रहे विकास कार्यों से काफी प्रभावित हैं। पोवार ने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की मजबूती और जनता की सेवा के लिए पूरी लगन व ईमानदारी से काम करेंगे।