चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवंबर के महीने में 1.80 लाख रुपए तक आय वाली पात्र महिलाओं को लाडो लक्ष्मी का लाभ मिलेगा। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी नाम से महत्वपूर्ण योजना को लागू करके महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के वायदे को पूरा किया है। अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को योजना का विस्तार किया गया है , अब 1.80 लाख वार्षिक आय वाले परिवार को लाभार्थी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 12 साल में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी है, इससे पहले की सरकार में सरकारी नौकरी पाने के लिए पैसा और सिफारिश ढूंढनी पड़ती थी ,लेकिन अब गरीब का बेटा ग्रुप डी से लेकर एचसीएस तक की नौकरी योग्यता के आधार पर पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज गति के साथ विकास कार्य करवाएं जा रहे है।
देश में सबसे पहले प्रदेश सरकार ने किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदे का काम शुरू किया। कांग्रेस के नेता सरकार से 24 फसलों की जानकारी मांग रहे है,उन्हें प्रदेश में किसानों द्वारा कितनी प्रकार की फसलों का उत्पादन किया जा रहा है इसके बारे में भी पूर्ण ज्ञान नहीं है। अब विपक्ष एमएसपी के नाम पर झूठ बोलते हुए किसानों में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।