चंडीगढ़: ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के आठ महीने पूरे होने पर पंजाब पुलिस ने अभियान की शुरुआत से अब तक राज्यभर में 1.34 लाख छापेमारियां कर गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों सहित कुल 72,311 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी।
सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), पंजाब के समन्वय से गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। 243वें दिन पुलिस टीमों ने 548 छापेमारियां करने के बाद 262 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 164 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई और चार भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। विशेष डीजीपी ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान उसी उत्साह के साथ जारी रहेगा। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी गुप्त रूप से दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में सुझाव भी साझा कर सकते हैं।