चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं की आर्थिक उत्थान को और आगे बढ़ते हुए वीरवार को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। अब प्रदेश में 1 लाख 80 हजार रुपए की सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इस योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को महेंद्रगढ़ में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वीर गाथा और सैनिकों का सम्मान करते हुए वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को देश की सेवा और त्याग के लिए नमन किया।

मुख्यमंत्री ने 3,396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं राजकीय उच्च विद्यालयों को 1-1 लाख रुपये प्रति विद्यालय की दर से 33 करोड़ 96 लाख रुपये की खेल अनुदान राशि भी जारी की। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत एक नई और दूरदर्शी पहल “SEVA First Innovation Challenge” का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी पिछड़े वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले पिछड़े वर्ग के परिवारों के बच्चों को देश में उच्च शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक तथा विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस मौके पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने और विधायक कंवर सिंह यादव ने भी संबोधित किया और मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की मांगों को रखा। कार्य्रकम में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, विधायक ओपी यादव, उमेद पातुवास, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।