चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों को सेवाभाव के साथ ऱाष्ट्र के प्रति समर्पित भावना से सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना सबसे बड़ी जनसेवा है। इससे जरूरतमंद व्यक्ति को मदद मिलती है। सरकार का मुख्य उद्देश्य अंत्योदय की भावना से पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान करना है।
मंत्री वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष में भिवानी स्थित कृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा मंत्री ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्त की एक बूंद असहाय को नया जीवन प्रदान करती है।