चंडीगढ़: पलवल में खेल सुविधाओं को आधुनिक एवं बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में गत देर सांय जिले के पहले सिंथेटिक टेनिस कोर्ट का उद्घाटन हरियाणा के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया। यह बहुउपयोगी सिंथेटिक कोर्ट टेनिस के साथ-साथ नेटबॉल के अभ्यास एवं मुकाबलों के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा।
इससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कोर्ट का निरीक्षण करने के साथ खिलाडिय़ों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर खेल विभाग के निदेशक राम मेहर सिंह भी मौजूद रहे। इसके बाद खेल मंत्री ने पलवल के इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इंडोर स्टेडियम में सिंथेटिक कोर्ट तैयार किया गया है तथा इसे साउंड प्रूफ और वातानुकूलित बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।