ऊना,सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली में अंडर-19 बॉयज जिला स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया तथा खिलाड़ियों को भविष्य में भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को खेलों के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली का चयन सीबीएसई और डे-बोर्डिंग स्कूल के तौर पर किया गया है। आने वाले समय में यहां एक भव्य एवं आधुनिक स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय हरोली के दूसरे भवन का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन से महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है तथा इनडोर स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के नजदीक ही आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि हरोली महाविद्यालय में 29 सितंबर को प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की ऊर्जा और उत्साह की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 31 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सदस्य अशोक ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला और सुलिन्दर पाल कौर, हरोली की उपप्रधान सुरिंदर, पूर्व प्रधान रमन कुमारी, पूर्व उपप्रधान सतनाम, प्रधान भदौड़ी मुनीश, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, बीएमओ हरोली डॉ. शिंगारा, उप निदेशक उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा अनिल तखी, सोमनाथ धीमान, प्रधानाचार्य रविन्द्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।