ऊना,सुशील पंडित: राष्ट्रीय संत बाबा राधा कृष्ण मंदिर, कोटला कलां में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 2300 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। यह शिविर 6 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं। इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाने के साथ लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. शिप पाल, मोहन लाल, विपन शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य विभाग के इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान करना रहा।