ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय टैलेंट हंट कार्यक्रम “दर्पण” का आज शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए डिक्लेमेशन, डिबेट, क्विज, रंगोली, क्ले मॉडलिंग और पेंटिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं गतिविधियों की जानकारी कल्चर कमेटी के संयोजक प्रो. नंदलाल चौधरी द्वारा प्रस्तुत की गई। उन्होंने दो दिवसीय कार्यक्रम के उद्देश्य, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. किरण ठाकुर द्वारा किया गया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया। प्राचार्या प्रो. रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, “दर्पण” प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ग्रुप-I इंटर-कॉलेज चैंपियनशिप में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
“दर्पण” का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उसे निखारना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करना है।