गुरदासपुरः मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत मथुरा-वृंदावन से श्रद्धालुओं को दर्शन कराकर वापस लौट रही खाली बस गुरदासपुर-बहरामपुर रोड पर गांव बरनाला के नजदीक अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क से नीचे पलट गई। हादसा उस समय हुआ जब बस किसी वाहन को ओवरटेक कर रही थी। राहत की बात यह रही कि उस समय बस में श्रद्धालु मौजूद नहीं थे।
बस में सिर्फ ड्राइवर और उसके दो हेल्पर थे, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। ड्राइवर ने बताया कि वह मथुरा-वृंदावन से मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत श्रद्धालुओं को घर छोड़कर वापस आ रहा था। कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि किसी वाहन को ओवरटेक करते समय संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे पलट गई।
अच्छी बात रही कि आसपास मौजूद लोगों ने ड्राइवर और उसके साथियों को बस से बाहर निकाल लिया। इस सड़क पर आमतौर पर भारी आवाजाही रहती है। ट्रैफिक इंचार्ज सतनाम सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मुख्यमंत्री तीर्थ योजना की बस बहरामपुर रोड पर पलटी है। घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।