जालंधर, ENS: लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज जालंधर बंद का ऐलान किया गया। इस दौरान श्री गुरु रविदास चौक पर भारी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग एकत्रित हो गए और रस्सी लगाकर रास्ते को बंद कर दिया है। इस दौरान बंद की कॉल के बावजूद कुछ बैंक खुले होने पर जत्थेबंदियों द्वारा विन्रमता से कर्मियों को बैंक बंद करने की अपील की गई।
इसकी तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें कैपिटल बैंक के बाहर नौजवान बैंक को बंद करवाने पहुंचे और बैंक कर्मी को शाम 5 बजे तक समर्थन देने के लिए आग्रह किया। जिसके बाद बैंक कर्मी ने भी समर्थन देने का आश्वासन देते हुए बैंक बंद कर दिया। वहीं भारी संंख्या में श्री गुरु रविदास चौक पर धरना लगाकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान नेता ने कहा कि यह निंदनीय घटना है।
ऐसे में जालंधर, होशियारपुर सहित अन्य जिलों में अलग-अलग जत्थेबंदियों द्वारा शहरों को बंद करने का ऐलान किया गया है। उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करके सख्त सजा देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रोष का मकसद पंजाब सरकार सहित देश की सरकार तक पहुंचाना है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। दलित समुदाय द्वारा आज सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शहर को बंद रखने का ऐलान किया गया है। ऐसे में शहर के दुकानदारों द्वारा दलित समुदाय का समर्थन भी किया गया है।