अमृतसरः धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पहले प्रकाश पर्व के लिए सचखंड श्री दरबार साहिब में तैयारियां शुरू हो गई है। हर साल की तरह इस बार भी पहले प्रकाश पर्व के मौके पर श्री दरबार साहिब को देसी और विदेशी फूलों से बहुत ही शानदार तरीके से सजाया जा रहा है। दर्शनी ड्योढ़ी से लेकर श्री दरबार साहिब की परिक्रमा तक अलग-अलग जगहों पर फूलों की सजावट की जा रही है। जैसे-जैसे सजावट का काम आगे बढ़ रहा है, गुरु घर की सुंदरता और भी निखरती जा रही है।
फूलों की इस खास सजावट के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी फूल मंगवाए गए हैं। मैनेजर सविंदर पाल सिंह के मुताबिक इस बार गुरु साहिब के चरणों में लगभग 5 ट्रक फूल अर्पित किए जा रहे हैं। जिनमें करीब 40 से 50 तरह के फूल शामिल हैं। हॉलैंड और अफ्रीका से आने वाले फूलों के अलावा, भारत के अलग-अलग शहरों से भी फूल मंगवाए गए हैं। बैंगलोर, कोलकाता और अन्य जगहों से गेंदा और डेजी जैसे फूल लाए गए हैं।
इस सजावट के लिए 100 से ज्यादा कारीगर काम कर रहे हैं। कोलकाता से आए कारीगर मृणाल ने बताया कि वे 2015 से श्री दरबार साहिब में फूलों की सजावट की सेवा कर रहे है। उनके अनुसार, इस बार सजावट के काम में लगभग 150 कारीगर लगे हुए है। कारीगर सुबह 9 से दोपहर 2 से 2:30 बजे तक लगातार काम कर रहे है। मृणाल ने कहा कि फूलों की सजावट का काम 11 तारीख की रात तक पूरा होने की उम्मीद है। पिछले सालों की तरह इस बार भी फूलों से अलग-अलग तरह की कलाकृतियां और खास सजावटी रूप तैयार किए जा रहे है। कारीगरों ने बताया कि गर्मी के मौसम के कारण फूलों की उम्र आमतौर पर दो से तीन दिन ही होती है।