संबंधित पंचायतों के लोगों से किया सीधा संवाद
ऊना,सुशील पंडित: प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार तक पहुंचकर प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कर रही है। इसी उद्देश्य से सरकार और प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सके। यह बात कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अपर बसाल में आठ पंचायतों (अपर बसाल, लोअर बसाल, ठाकुरद्वारा, तियुड़ी, पनोह, बडूही, बदोली और बड़साला) के लिए आयोजित हुए जन संवाद कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि जन संवाद का मुख्य मकसद अति निर्धन(बीपीएल) परिवारों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना और उनकी वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर विकास की योजनाएँ तैयार करना है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का सीधा लाभ प्रदेशवासियों, विशेषकर किसानों और पशुपालकों को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने प्राकृतिक विधि से उगाई गई गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80 रुपये, मक्की का 50 रुपये तथा कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। इससे प्रदेश के अनेक किसानों को आर्थिक रूप से लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। इससे पशुपालकों की आर्थिकी सुदृढ़ हुई है। वर्तमान में युवा पशुपालन व्यवसाय से जुड़कर सम्मानजनक एवं बेहतर जीवनयापन कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने अपर बसाल में खेल मैदान के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक विकास भी होता है।
बीडीओ रमनवीर ने कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने बताया कि बीपीएल श्रेणी में शामिल करने के लिए सरकार द्वारा मानदंड निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बीपीएल में शामिल होने की अंतिम तिथि अब 20 सितंबर तक बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 9वें और अंतिम चरण के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र परिवारों को बीपीएल श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
कार्यक्रम में एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, बीडीओ रमनवीर चौहान, प्रधान अमरीक सिंह, उपप्रधान रेशम सिंह, जिला परिषद सदस्य सुमित, बीडीसी सदस्य महेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।