ऊना,सुशील पंडित: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में ऊना जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय दीप कमल में जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शाम मिन्हास ने की, जबकि श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं विभिन्न अभियानों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए जनहित एवं राष्ट्रहित के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को लेकर आम जनता से सुझाव भी लिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के लिए 17 सितंबर को ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत कार्यकर्ता घर-घर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों, उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को विषय बनाया जाएगा।
रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा जिला स्तर से लेकर गांव और घर-घर तक ‘नमो सेवा गाथा यात्राएं’ निकालेगी। इन यात्राओं के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।