चंडीगढ़: पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा का स्वरूप बदलने वाले शिक्षकों को सम्मान देने की वचनबद्धता के तहत मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 75 शिक्षकों को प्रतिष्ठित राज्य शिक्षक पुरस्कार – 2026 से सम्मानित किया जाएगा। हरजोत बैंस ने बताया कि ये सभी 75 शिक्षक राज्य शिक्षक पुरस्कार नीति के अनुसार पारदर्शी तरीके से योग्यता के आधार पर चुने गए हैं। इनमें से 55 राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए, 10 यंग शिक्षक पुरस्कार के लिए, 4 विशेष शिक्षक पुरस्कार के लिए और 6 प्रबंधकीय पुरस्कार के लिए चुने गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि ये पुरस्कार शिक्षा क्षेत्र में शिक्षकों को सम्मान देकर उन्हें आगे और मेहनत के लिए प्रेरित करने तथा उत्कृष्टता की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के प्रति मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। बैंस ने कहा, “शिक्षक हमारी शिक्षा प्रणाली के केंद्र बिंदु हैं और उनके अथक प्रयासों को मान्यता देना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है। मैं इन पुरस्कारों के लिए चुने गए सभी शिक्षकों को बधाई देता हूं और संपूर्ण शिक्षक वर्ग से उत्कृष्टता के लिए प्रयासरत रहने की अपील करता हूं।”