चंडीगढ़: सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पंजाब सरकार द्वारा अब तक डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डी.बी.टी.) के द्वारा 2,697.44 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कराई जा चुकी है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि वर्तमान में पंजाब भर में 36 लाख से अधिक लाभार्थी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार की उस लोक-हितैषी सोच का प्रतीक है, जिसके तहत बिना किसी भेदभाव के हर हकदार तक सरकारी सहायता पहुंचाई जा रही है और राज्य की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।सामाजिक सुरक्षा केवल आर्थिक सहायता का साधन नहीं है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को भरोसा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का विश्वास देने का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ऐसे समावेशी समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है, जहां हर हकदार नागरिक को समय पर सहायता और समान अवसर प्राप्त हों।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार लोक-कल्याण को समर्पित अपनी नीतियों को और मजबूत करते हुए ऐसे ‘रंगले पंजाब’ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां विकास का फल समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, कल्याणकारी योजनाएं हर हकदार के लिए सुलभ हों और हर नागरिक सम्मान, सुरक्षा और उम्मीद के साथ अपना जीवन व्यतीत करे।