नशे के खिलाफ कलरूही में गूंजे जोरदार नारे, बच्चों ने दिया समाज को जागरूकता का संदेश
ऊना,सुशील पंडित: उपमंडल अम्ब के तहत गाँव कलरूही में वीरवार को नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कलरूही एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कलरूही के संयुक्त सहयोग से वीरवार को एंटी-चिट्टा वॉकथॉन रैली का आयोजन किया गया।
रैली में मुख्यातिथि के रूप में एसडीपीओ अम्ब अनिल पटियाल ने शिरकत की और हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कलरूही स्कूल से अम्ब रोड शिव मंदिर, वहां से ग्राम पंचायत कलरूही होते हुए गांव के विभिन्न हिस्सों से गुजरती हुई वापस स्कूल परिसर में संपन्न हुई।
“नशे से दूर रहो, समाज को नशामुक्त बनाओ” के नारों के साथ विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे जोश के साथ रैली में भाग लिया। बच्चों ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए लोगों को जागरूक किया।
एसडीपीओ अनिल पटियाल ने बच्चों को किया जागरूक
अपने संबोधन में एसडीपीओ अनिल पटियाल ने कहा कि बच्चे और युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी बच्चे को नशा करने के लिए प्रेरित करता है या बार-बार संपर्क करता है तो इसकी सूचना तुरंत अपने अध्यापक अथवा पुलिस को दें। उन्होंने समझाया कि नशे का सेवन करने वाले व्यक्ति का शरीर धीरे-धीरे उस नशे का आदी हो जाता है और बाद में इस लत से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल स्वयं नशे से दूर न रहें, बल्कि घर-घर जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें और समाज को नशे के खिलाफ एकजुट करें।
7 सितंबर को ऊना में होगा 5 वां एंटी-चिट्टा एवं पर्यावरण जागरूकता वॉकथॉन
एसडीपीओ अनिल पटियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में आगामी 7 सितंबर 2026 को ऊना के इंदिरा स्टेडियम से 5वें एंटी-चिट्टा एवं पर्यावरण जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामवासियों, अध्यापकों और विद्यार्थियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और 7 सितंबर को ऊना पहुंचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीपीओ अम्ब अनिल पटियाल, स्कूल प्रधानाचार्य सतीश शर्मा, ग्राम पंचायत कलरूही प्रधान रजनी राणा, उपप्रधान राम प्रकाश, पंचायत सदस्य, गांव के नंबरदार दीपक शर्मा, आंगनवाड़ी सहायिका, आशा वर्कर सहित गांव के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।