शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मंगलवार सायं हमीरपुर में पूर्व सैनिकों से भेंट की। उन्होंने उनके कल्याण एवं हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा ने राज्यपाल को पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। हमीरपुर में प्रस्तावित शहीदी स्मारक के लंबित निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी दी।

राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों एवं समस्याओं को राज्य सरकार के समक्ष उचित कार्यवाही के लिए प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने शहीदी स्मारक के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। राज्यपाल ने शहीदी स्मारक के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी सांसदों एवं विधायकों से भी इस निर्माण कार्य में सहयोग एवं योगदान देने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक हमारे वीर शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वाेच्च बलिदान के प्रति एक सच्ची एवं गरिमापूर्ण श्रद्धांजलि होगा।