मास्टरमाइंड व मैकेनिक समेत 4 आरोपी काबू, 12 बाइक व 2 कार बरामद
पंचकूलाः क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने ट्राईसिटी, पंचकूला, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोटरसाइकिल और 2 कारें बरामद की हैं।
क्राइम ब्रांच-3 इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 21 अगस्त को मोरनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 20 अगस्त की रात उसके घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक चोरी हो गई। शिकायत पर थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान राहुल निवासी बिहार, शुभम निवासी उत्तर प्रदेश और विशाल निवासी उत्तर प्रदेश को गुप्त सूचना के आधार पर 30 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी नयागांव, मोहाली में किराये के मकान में रह रहे थे और उनकी उम्र करीब 19-20 वर्ष है। आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि आरोपी काफी समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय थे और पंचकूला, बद्दी, चंडीगढ़ तथा पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों से वाहन चोरी करते थे। आरोपी विशेष रूप से स्पेलेंडर बाइक को निशाना बनाते थे। आरोपियों के पास से अलग-अलग वाहनों की नकली चाबियों का एक गुच्छा होने की बात भी सामने आई है। चोरी की गई बाइकों को आगे कटवाकर उनके पुर्जे बेचने की प्लानिंग थी। इस काम में एक मैकेनिक भी गिरोह की मदद करता था, जिसे पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राहुल निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। आरोपी मैकेनिक को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी किए गए वाहनों और पूर्व में अंजाम दी गई अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस द्वारा बरामद किए गए वाहनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा।
साथ ही कहा कि पंचकूला पुलिस की टीमें अपराधियों पर लगातार नजर रखते हुए वाहन चोरी सहित अन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस उसका पीछा करेगी और उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी। पंचकूला में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।