ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत अपर बसाल गांव में घर में घुसकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की व मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अपर बसाल निवासी जवाहर ने बताया कि बीते रोज दोपहर करीब 12:52 बजे वह अपने घर की लॉबी में बैठा था। इसी दौरान बसाल निवासी मनमोहन उर्फ मोनू अपने बेटों वैभव, राघव और रूद्राक्ष के साथ उसके घर में आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसकी पत्नी उसे बचाने के लिए कमरे से बाहर आई तो राघव और रूद्राक्ष ने उसके साथ भी मारपीट की। मामले की शिकायत मिलने के बाद सदर ऊना पुलिस ने मनमोहन उर्फ मोनू, वैभव, राघव और रूद्राक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।