ऊना,सुशील पंडित: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की राज्य कार्य योजना 2026-27 के अंतर्गत ग्राम पंचायत सैंसोवाल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सम्मानजनक जीवन एवं कल्याण के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा उनके साथ विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कल्याण अधिकारी ऊना अवास पंडित ने की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में उनके सम्मान और सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पीएनबी के वित्तीय सलाहकार आर.के. डोगरा ने भी बैंकिंग माध्यम से संचालित विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। इसके अतिरिक्त स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से एक खाना पकाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के समापन अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर ग्राम पंचायत सैंसोवाल के प्रधान अमरीक सिंह तथा पंजाब नेशनल बैंक के वित्तीय सलाहकार आर.के. डोगरा सहित अधीक्षक ग्रेड-2 अधिकारी ऊना अनूप सिंह व अन्य उपस्थित रहे।