जालंधर, ENS: त्यौहारी सीजन नजदीक आते ही सेहत विभाग टीम भी अलर्ट हो गई है। जहां सेहत विभाग की टीम द्वारा लगातार मिठाई की दुकानों सहित अन्य दुकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं आज दो अलग-अलग जगहों पर सेहत विभाग की टीम ने दबिश दी और भारी मात्रा में पनीर जब्त किया है। मामले की जानकारी देते हुए सेहत विभाग के अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह ने बताया कि डिप्टी कमिशनर और सिविल सर्जन के आदेशों पर आज चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रामामंडी चौक के पास पनीर लेकर जा रही गाड़ी को रोककर जांच की गई।
अधिकारी ने कहाकि गाड़ी में पनीर आदमपुर और होशियारपुर की दुकानों में पनीर सप्लाई किया जाना था। इस दौरान गाड़ी से डेढ क्विंटल पनीर जब्त किया गया और उसके सैंपल लिए गए है और यह सैंपल लैब में भेजे जा रहे है। पूछताछ में पता चला है कि यह पनीर बठिंडा में स्थित डेयरी से खरीदा गया था। इसकी क्वालिटी को लेकर जांच की जा रही है और यह पनीर 240 रुपए किलों के हिसाब से है। लैब की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरा मामला गोल्डन एवेन्यू में घर के बाहर भारी मात्रा में पनीर उतारे जाने की सूचना मिली थी।
जिसके बाद वह टीम के साथ गोल्डन एवेन्यू में उक्त घर पर पहुंचे, जहां गाड़ी में ढाई क्विंटल पनीर को जब्त कर लिया गया है। वहीं इस पनीर के भी सैंपल लिए गए है और यह भी सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे जा रहे है। यह पनीर भी कम पैसों से खरीदकर शहर में पनीर की सप्लाई की जानी थी। अधिकारी ने कहाकि उन्हें शक है कि यह पनीर गलत क्वालिटी का है। ऐसे में कुल 4 क्विंटल पनीर को जब्त किया गया है। ऐसे में लैब में जांच के लिए पनीर के सैंपल भेज दिए गए है। वहीं लैब से रिपोर्ट दो दिन तक आ जाएंगी। ऐसे में अगर पनीर में खामी पाई गई तो सारा पनीर नष्ट कर दिया जाएगा। यह पनीर रेस्टोरेंट सहित दुकानों पर पहुंचाया जाना था। इसी के साथ अब ढाबों और रेस्टोरेंट में पनीर को लेकर जांच की जाएंगी। वहीं लोगों से घटिया क्वालिटी और सस्ता पनीर ना खरीदने की अपील की गई।