मोहालीः बठिंडा, मानसा और बरनाला जिलों में 3 सितंबर को सभी निजी स्कूल बंद रहेंगे। यह फैसला फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशंस ऑफ पंजाब (FAP) द्वारा स्कूल बस और वैन ऑपरेटरों की महापंचायत को लेकर लिया गया है। फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. जगीत सिंह धूरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल बसों और वैनों के लिए प्रशासन द्वारा लागू किए गए नए नियमों के खिलाफ बस ऑपरेटरों द्वारा 3 सितंबर को बठिंडा में राज्य स्तरीय महापंचायत की जा रही है। इस महापंचायत के कारण स्कूल बसों के न चलने की स्थिति को देखते हुए फेडरेशन ने तीनों जिलों के निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
प्राइवेट स्कूल बस ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सरां ने बताया कि यह महापंचायत बठिंडा की अनाज मंडी में आयोजित की जाएगी, जिसमें पंजाब भर के ड्राइवर, कंडक्टर और बस मालिक शामिल होंगे। बस ऑपरेटरों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है, लेकिन नियम बनाते समय उनकी व्यावहारिकता और ऑपरेटरों को आने वाली समस्याओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने नियमों के अनुपालन और पासिंग प्रक्रिया को आसान बनाने की मांग भी की है। फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. धूरी द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जहां स्कूल बसें नहीं चलेंगी, वहां बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद रखे जाएंगे। इस महापंचायत के दौरान ऑपरेटरों की बड़ी संख्या में भागीदारी का दावा किया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रशासन द्वारा स्कूली बसों और वैनों के लिए सुरक्षा नियमों को सख्त किया गया है। अप्रैल और मई 2026 के दौरान राज्य भर में 1,842 स्कूली बसों की जांच की गई, जिनमें से सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली 526 बसों के चालान काटे गए, जबकि गंभीर खामियां मिलने पर तीन बसों को जब्त कर लिया गया। इस महापंचायत का प्रभाव बठिंडा, मानसा और बरनाला के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी देखने को मिल सकता है। फेडरेशन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो अन्य जिलों के स्कूल भी इस अभियान से जुड़ सकते हैं।