उन्नावः हाईवे पर अजगैन थाना क्षेत्र के अनंतभोग के सामने बाइक सवार 2 युवकों को तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि साथी जख्मी हो गया। हादसे के बाद थार सवार वाहन समेत मौके से फरार हो गए। वहीं इस सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस हादसे में अनिरुद्ध सिंह उर्फ गोलू नामक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस फुटेज के आधार पर थार कार और उसके चालक की तलाश कर रही है।
तेज र/फ्ता/र Thar और Bike की ट/क्क/र में युवक की मौ/त, CCTV फुटेज आई सामने#RoadAccident #TharAccident #BikeAccident #CCTVFootage #PunjabNews pic.twitter.com/JckFFVDlxz
— Encounter Newspaper (@encounter_md) September 1, 2026
जानकारी के अनुसार, अजगैन थाना क्षेत्र के परसंदन गांव निवासी अनिरुद्ध सिंह (27) अपने साथी विकास यादव के साथ बाइक से दवा लेकर घर लौट रहे थे। दोनों प्लेटिना बाइक पर सवार थे। लखनऊ-कानपुर मार्ग पर अनंतभोग के सामने पीछे से आई तेज रफ्तार थार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अनिरुद्ध सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास यादव को उसके परिजन बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित पीजीआई ले गए हैं, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मंगलवार को सामने आए फुटेज में थार कार तेज रफ्तार में आती और बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके से निकलती दिखाई दे रही है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। परिजनों के मुताबिक, मृतक अनिरुद्ध दो भाइयों में सबसे छोटा था और गांव में खाद की दुकान चलाता था। हादसे में उसकी मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।