चंडीगढ़ः भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रभारी, राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव डाॅ. सतीश पूनिया 31 अगस्त को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंच चुके है। इस दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने ढोल के साथ स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के वर्करों में काफी जोश भरा देखा गया।
आपको बता दें पूनिया जैसे ही एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उनके सबसे पहले पगड़ी बांधी गई, जिसके बाद नेताओं ने उनको पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। सतीश पूनिया 2 सितंबर तक पंजाब के संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठकें कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करेंगे और आगामी गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
उनका दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भाजपा पंजाब में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी है। वह सेक्टर 37-ए स्थित भाजपा पंजाब कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रदेश सोशल मीडिया, आईटी और मीडिया टीम के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। दिन के अंत में प्रदेश कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक होगी।
एक सितंबर को डाॅ. पूनिया जालंधर पहुंचेंगे। यहां पीएम सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों तथा प्रदेश महासचिवों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में पार्टी की मौजूदा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
दो सितंबर को डाॅ. पूनिया जालंधर में अनौपचारिक बैठकों में हिस्सा लेने के बाद अमृतसर रवाना होंगे। वहां भाजपा कार्यालय का दौरा करने के बाद दुर्गियाना मंदिर और श्री हरमंदिर साहिब में दर्शन करेंगे। अनिल सरीन ने कहा कि डॉ. पूनिया का पंजाब दौरा प्रदेश नेतृत्व और संगठनात्मक टीमों के लिए महत्वपूर्ण है।