अमृतसरः बाबा बकाला के रखड़ पुण्या के मेले में देर रात कुछ लोगों ने निहंग सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव मिगलानी निवासी सरबजीत सिंह के बेटे राजा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजा सिंह निहंग सिंह के रूप में मेले में पहुंचा था। उसके सीने पर गोलियों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से उस पर फायरिंग की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि मेले के दौरान या मेले के बाद किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ होगा। इसी विवाद के चलते राजा सिंह पर गोलियां चलाए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या के पीछे असल वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस को यह शव बाबा बकाला सिविल अस्पताल के पीछे सुनसान इलाके से मिला है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आशंका जताई है मेले के बाद रंजिश को लेकर यह विवाद हुआ और गोलियां चलीं। फिलहाल पुलिस मृतक के परिवार के बयान दर्ज करने वाली है। हत्यारोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मृतक के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज करेगी, ताकि हत्या से जुड़े कारणों और आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके।