ऊना: पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत टक्का में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग अभियोग दर्ज किए हैं। एक पक्ष के विरुद्ध BNS की धाराओं में, जबकि दूसरे पक्ष के विरुद्ध BNS के साथ-साथ SC&ST Act की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता सुरजीत कौर पत्नी गुरदेव सिंह निवासी टक्का ने आरोप लगाया कि 26 अगस्त को शाम करीब 6:30 बजे हरबंस लाल ने मोटरसाइकिल से उसका और उसके पति का रास्ता रोक लिया तथा बहस करने के बाद दोनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
वहीं, दूसरे पक्ष के हरबंस लाल निवासी टक्का ने आरोप लगाया कि 26 अगस्त को शाम करीब 7 बजे गुरदेव चन्द और उसकी पत्नी ने उसे व उसकी पत्नी को जातिसूचक शब्द कहकर गाली-गलौच की तथा उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।