ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत पक्का परोह में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राजेश कुमार निवासी कटोहड़ कलां ने अपनी पत्नी, साढ़ू और साले पर उसके तथा उसकी माता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार राजेश कुमार पक्का परोह में अपनी पत्नी व माता के साथ किराये के मकान में रहता है। 26 अगस्त 2026 को शाम करीब 7:35 बजे उसकी पत्नी ज्योति देवी, साढ़ू राज कुमार निवासी कटोहड़ कलां तथा साला संजीव कुमार निवासी स्थाना, फतेहपुर, जिला कांगड़ा ने उसके और उसकी माता के साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह अपनी माता को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर की ओर जा रहा था, तो आरोपितों ने दोबारा उसका पीछा कर रास्ते में रोक लिया और मारपीट की, जिससे उसे और उसकी माता को चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।