जालंधर, ENS: देहात में नौजवना ने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान दविंदर सिंह पुत्र तरसेम सिंह निवासी गांव जंडू सिंघा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार गांव जंडू सिंघा में युवक ने घर के पीछे पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। वहीं परिवार का कहना है कि सीआईए स्टाफ में सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह उन्हीं के गांव का रहने वाला है और 18 अगस्त वह उनके घर आया था।

परिजनों का आरोप है कि सब इंस्पेक्टर नवजोत सिंह और बेटे दविंदर में हाथापाई हुई और नवजोत सिंह ने उसे पुलिस से उठवा ले जाने की धमकी दी गई। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद से दविंदर सिंह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। करीब 2 दिन पहले भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था और अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाया था। हालांकि, उस समय परिवार वालों ने उसे समझाकर ऐसा कदम उठाने से रोक लिया था। जिसे बाद आज सुबह दविंदर सिंह का शव घर के पीछे पेड़ से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के मुताबिक, दविंदर सिंह द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी मिला है। परिवार का दावा है कि इसमें उसने अपनी मौत के लिए सीआईए स्टाफ के सब इंस्पेक्टर नवजोत सिंह, जसकरण सिंह और तनवीर कौर को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और कथित सुसाइड नोट की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।