श्रीनगरः कश्मीरी पंडितों को एक बार फिर धमकी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल ने एक पत्र पंडितों को भेजा है, जिसमें मकान नंबर और गली नंबर तक लिखा हुआ है। धमकी से लोगों में डर का माहौल है। पत्र में आतंकियों ने कश्मीरी पंडितों को गद्दार बताया और कहा कि वे दिल्ली में बैठे अपने मालिकों के इशारे पर काम कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन जांच कर रहा है कि ये दो पत्र किसने भेजे हैं। इस पत्र में कहा गया है, जो कश्मीरी पंडित कश्मीर छोड़कर नहीं गए थे वे सुरक्षित हैं। वहीं जो कश्मीर छोड़कर चले गए हैं वे आरएसएस का अजेंडा चला रहे है। अहमद बिलाल नाम से साइन पत्र में कहा कि मैंने पहले भी चेतावनी दी और इन लोगों की हर हरकत पर हमारी नजर है।
बीते दिनों कश्मीरी पंडितों को धमकी मिलने के बाद सरकारी विभागों ने कुछ दिनों की छुट्टी दे दी थी और उन्हें अलर्ट रहने को कहा था। इस धमकी वाले पत्र में राजस्व विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों के नाम और टेलीफोन नंबर थे। इससे दो सप्ताह पहले ही कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों पर हमला करके उनकी हत्या कर दी गई थी।