रोहतकः सदर थाना क्षेत्र के गांव समर गोपालपुर में देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला, सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक देर रात गांव के ही अपने दोस्त मोनू के साथ शराब के ठेके पर गया था। घटनास्थल के आसपास शराब की बोतल भी पड़ी मिली है। इसके बाद युवक का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या किन परिस्थितियों में और किसने की, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ मृतक के साथ आखिरी बार मौजूद लोगों की जानकारी भी खंगाल रही है।
जांच अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि युवक की हत्या किए जाने की सूचना मिली है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।