लुधियानाः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत जगराओं में थाना जोधां पुलिस ने 505 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने 2 महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए थाना जोधां प्रभारी इंस्पेक्टर किरणदीप कौर ने बताया कि पुलिस टीम नारंगवाल चौक पर नाकाबंदी कर जांच कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि जगदीप सिंह उर्फ जग्गा निवासी अमृतसर, पूजा रानी निवासी लुधियाना और सोनिया रानी निवासी होशियारपुर हेरोइन सप्लाई करने के लिए एक्टिवा पर शहजादा के पास सिंगला कॉलोनी में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिंगला कॉलोनी में छापेमारी की। मौके से जगदीप सिंह, पूजा रानी और सोनिया रानी के अलावा किरणदीप सिंह उर्फ किरण निवासी गांव चचराड़ी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 505 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि जगदीप, पूजा और सोनिया कथित तौर पर हेरोइन की खेप अमृतसर से लेकर जगराओं पहुंचे थे और इसे किरणदीप सिंह को सप्लाई करना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से हासिल की गई थी और इसे आगे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक, सीमा पार से नशे की खेप मंगवाने वाले संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

