जालंधर, ENS: फगवाड़ा गेट मार्केट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मोबाइल विक्रेता के साथ कुछ लोगों का विवाद हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ‘डायल 112’ पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की टीम तुरंत मौके की ओर रवाना हुई। थाना डिवीजन नंबर 3 के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इस बाजार में पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुलिस ने 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी नॉर्थ जालंधर, अशोक मीणा ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से फगवाड़ा गेट मार्केट में झगड़े की खबर मिली थी। उन्होंने बताया कि पीड़िता और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसीपी अशोक मीणा ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि तीनों अज्ञात आरोपियों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। कमिश्नरेट पुलिस ने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि ‘डायल 112’ पर आने वाली हर शिकायत पर बिना किसी देरी के तुरंत एक्शन लिया जाता है, ताकि आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
