चंडीगढ़ः सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी में देर रात सब्जी से भरी गाड़ी खड़ी करने को लेकर 2 आढ़तियों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में एक आढ़ती की मौत हो गई। मृतक की पहचान 43 वर्षीय देशराज, निवासी ऊना के रूप में हुई है। आरोप है कि एक आढ़ती ने अपने बेटों के साथ मिलकर दूसरे आढ़ती पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में देशराज गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के पहुंचने तक हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस देशराज को जीएमसीएच-32 लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना उस समय हुई जब इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम सिंह और उनकी टीम सेक्टर-28 स्थित पूर्व पार्षद के घर हुई लूट की घटना की जांच में जुटी थी।
इसी दौरान सेक्टर-26 मंडी में हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, देशराज और आरोपी विनोद दोनों छोटी पिकअप गाड़ियों में अपने-अपने क्षेत्र से सब्जियां लाकर सेक्टर-26 मंडी में बेचते थे। रात करीब 10 बजे देशराज अपनी गाड़ी लेकर मंडी में सब्जी बेच रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश निवासी विनोद अपने बेटों के साथ वहां पहुंचा और देशराज से गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान विनोद और उसके बेटों ने चाकू निकालकर देशराज पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
मंडी में मौजूद लोगों ने जब विवाद देखा तो मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया। लोगों के जुटने तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल देशराज को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस द्वारा मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित विनोद और उसके बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारण और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।
